प्रियंका के लिए भीड़ जुटाने सरकारी मुलाजिमों को ठेका- केदार कश्यप

0
25

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा महामंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के बस्तर दौरे की तैयारियों में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से पूछा है कि प्रियंका कौन सी जनप्रतिनिधि हैं, जिनके बस्तर प्रवास की तैयारियों के लिए सरकारी अधिकारियों कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बाकायदा निर्देश जारी कर कार्यालय प्रभारियों को बैठक में आवश्यक रूप से उपस्थिति सुनिश्चित करने कहा जा रहा है और इसकी प्रतिलिपि कलेक्टर को भेजी गई है। स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री के हुक्म पर प्रशासन के दबाव में यह सत्ता का अनैतिक दुरुपयोग किया जा रहा है।

प्रदेश भाजपा महामंत्री व छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के बस्तर के राजनीतिक दौरे के लिए भीड़ जुटाने का जिम्मा सरकारी अधिकारियों कर्मचारियों को सौंपा जाना कांग्रेस की सरकार की पूरी तरह विफलता का प्रमाण है। कांग्रेस से बस्तर की जनता इस बुरी तरह त्रस्त है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भय सता रहा है कि उनकी नेता के कार्यक्रम में महिलाएं स्वतः नहीं पहुंचेंगी। इसलिए अपनी साख बचाने के लिए सरकारी मुलाजिमों को भीड़ इकठ्ठी करने मजबूर किया गया है। भूपेश बघेल बतायें कि क्या प्रियंका कहीं की पंच या सरपंच हैं? क्या वे विधायक या सांसद हैं? तब उनकी सेवा में सरकारी अमले को कैसे तैनात किया गया है। कांग्रेस परिवारवाद के लिए सत्ता का कितना भी दुरुपयोग कर ले, अब छत्तीसगढ़ की महिलाएं, बस्तर की महिलाएं कांग्रेस को खारिज कर रही हैं जिसका ताजा उदाहरण है कि भूपेश बघेल को कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर भरोसा नहीं है और वे प्रियंका के लिए भीड़ जुटाने सरकारी कर्मचारियों के भरोसे हैं।

https://hn24.in/wp-content/uploads/2025/12/IMG-20251218-WA0003.jpg

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here