रेलवे स्टेशन पर एलईडी डिस्प्ले बंद, यात्रियों को हो रही भारी परेशानी

रेलवे स्टेशन पर एलईडी डिस्प्ले बंद

0
91


रायपुर।
राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन पर इन दिनों यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन के प्रमुख प्लेटफॉर्मों पर लगे एलईडी डिस्प्ले बोर्ड बंद पड़े हैं, जिससे ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की सटीक जानकारी यात्रियों को समय पर नहीं मिल पा रही है।

इस तकनीकी गड़बड़ी के चलते यात्रियों को यह जानने में कठिनाई हो रही है कि कौन-सी ट्रेन किस प्लेटफॉर्म पर आ रही है। खासकर बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और भारी सामान के साथ यात्रा कर रहे यात्री अधिक परेशान हैं। ट्रेन की जानकारी पाने के लिए लोगों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक भटकना पड़ रहा है।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि स्टेशन पर नए एलईडी डिस्प्ले बोर्ड लगाए जा रहे हैं। ठेका एजेंसी के माध्यम से कुल 98 नई स्क्रीन प्लेटफॉर्मों पर स्थापित की जा रही हैं। इनका तकनीकी कनेक्शन और सेटअप कार्य पूरा होते ही यात्रियों को फिर से समय पर जानकारी मिल सकेगी।

फिलहाल रेलवे की ओर से यात्रियों को माइक और अन्य माध्यमों से घोषणाएं करके जानकारी देने की कोशिश की जा रही है, लेकिन यह व्यवस्था यात्रियों की संख्या और जरूरतों के लिहाज़ से नाकाफी साबित हो रही है।

गौरतलब है कि रायपुर रेलवे स्टेशन मुंबई-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर स्थित एक प्रमुख जंक्शन है, जहां प्रतिदिन करीब 120 यात्री ट्रेनें आवाजाही करती हैं और लगभग 70 हजार यात्री यहां से सफर करते हैं।

सबसे ज्यादा परेशानी प्लेटफॉर्म नंबर 1, 2 और 3 पर देखी जा रही है, जहां के डिस्प्ले बोर्ड पूरी तरह बंद हैं। अंतिम समय में स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को ट्रेन की स्थिति जानने के लिए मुख्य डिस्प्ले बोर्ड तक जाना पड़ता है, जो अक्सर भीड़भाड़ वाला इलाका होता है।

यात्रियों ने मांग की है कि नई डिस्प्ले व्यवस्था को जल्द से जल्द शुरू किया जाए, ताकि उन्हें एक बार फिर से सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल सके।

https://hn24.in/wp-content/uploads/2025/12/IMG-20251218-WA0003.jpg

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here