
सास-दामाद की लव स्टोरी: मां ने बेटी के मंगेतर से रचाया इश्क, परिवार से तोड़ा नाता
अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से एक ऐसी प्रेम कहानी सामने आई है जिसने पूरे समाज को चौंका दिया है। मडराक थाना क्षेत्र की यह अनोखी सास-दामाद की लव स्टोरी हर किसी की जुबान पर है। मां सपना और बेटी के मंगेतर राहुल की इस प्रेम कहानी ने रिश्तों की परिभाषा ही बदल दी है।


बेटी के मंगेतर संग भागी मां, बच्चों से तोड़ा रिश्ता
सपना नाम की महिला अपने ही दामाद यानी बेटी के मंगेतर राहुल के साथ फरार हो गई। दोनों 6 अप्रैल को घर से भागे थे और पुलिस के दबाव के बाद 16 अप्रैल को वापस लौटे। लेकिन वापसी के बाद भी सपना ने पति और बच्चों के पास लौटने से साफ इनकार कर दिया और कहा कि अब वह केवल राहुल के साथ ही रहेगी।
बच्चों के आंसुओं से भी नहीं पसीजी मां
सपना के तीन बच्चे अपनी मां की वापसी के लिए थाने में गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन सपना का दिल नहीं पसीजा। उसने साफ कह दिया कि अब उसका रिश्ता सिर्फ राहुल से है और वह उसी के साथ अपनी जिंदगी बिताना चाहती है।

काउंसलिंग फेल, पुलिस भी लाचार
पुलिस ने महिला की काउंसलिंग कराने की पूरी कोशिश की लेकिन सपना अपने फैसले पर अड़ी रही। उसे मेडिकल परीक्षण के बाद वन स्टॉप सेंटर भेजा गया था, लेकिन जब वहां भी कोई हल नहीं निकला, तो पुलिस ने उसे राहुल के साथ भेज दिया।
बेटी का गुस्सा फूटा, सुनाई मां को खरी-खोटी
सपना की बेटी अनीता अपनी मां की इस हरकत से बुरी तरह आहत है। उसने थाने में मां को खूब खरी-खोटी सुनाई। बेटी का आरोप है कि मां ने उसकी जिंदगी को बर्बाद कर दिया है। वहीं अनीता के पति जितेंद्र ने भी परिवार को टूटने से बचाने के लिए सपना को समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई असर नहीं हुआ।
सपना का आरोप: ‘बेटी ने राहुल को मेंटल कहा, तभी दिल जुड़ गया’
सपना ने बेटी पर आरोप लगाया कि उसने राहुल को मानसिक रूप से कमजोर कहा था, जिसके बाद वह राहुल के करीब आने लगी। दोनों के बीच नज़दीकियां बढ़ती गईं और फिर उन्होंने साथ जीने-मरने की कसमें खा लीं।
शगुन की रकम और जेवर की मांग
सपना के पति जितेंद्र ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि सपना घर से तीन लाख रुपए नकद, पांच लाख के जेवर और बेटी की शादी के लिए दिए गए एक लाख के शगुन की रकम लेकर भागी थी। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल को मोबाइल और अन्य सामान भी उन्हीं लोगों ने दिलवाया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राहुल के परिवार की नाराजगी, बेटे को किया बेदखल
इस लव स्टोरी ने सिर्फ सपना के परिवार को नहीं, बल्कि राहुल के घरवालों को भी शर्मसार कर दिया है। राहुल के पिता ओमवीर ने साफ कह दिया है कि अब उनका अपने बेटे से कोई रिश्ता नहीं है। समाज में हुई बदनामी के कारण वे उसे अपने घर में घुसने तक नहीं देंगे।




