
रायपुर सहित आसपास के जिलों में जल्द दौड़ेंगी 100 ई-सिटी बसें, 16 प्रमुख मार्गों पर होगा संचालन……ये हैं प्रस्तावित मार्ग
रायपुर। राजधानी रायपुर और इसके पड़ोसी जिलों में 100 नई ई-सिटी बसों का संचालन जल्द शुरू होने जा रहा है। इन बसों के लिए एजेंसी तय करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जिसके बाद प्रस्तावित रूटों पर इनका संचालन शुरू किया जाएगा। फिलहाल 46 सिटी बसें ही चालू हालत में हैं, जबकि अधिकांश बसें खराब होने के कारण सीमित रूटों पर ही सेवाएं दी जा रही हैं।


निर्धारित रूटों पर ही चलेगी बसें
परिवहन विभाग द्वारा पहले से चिन्हित 16 प्रमुख मार्गों पर ही ई-बसों को चलाने की योजना बनाई गई है। राज्य परिवहन प्राधिकरण द्वारा परमिट की सुनवाई और दावे-आपत्तियों का निपटारा कर परमिट जारी किए जाएंगे।
एयरपोर्ट से फिर दौड़ेगी एसी बस
स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर से दुर्ग रेलवे स्टेशन के बीच वातानुकूलित बस सेवा एक बार फिर शुरू होगी। पहले नवंबर 2022 में इस मार्ग पर 5 एसी सिटी बसें चलाई गई थीं, लेकिन अचानक बंद कर दी गई थीं। अब दोबारा परमिट जारी कर इस रूट पर सेवा बहाल की जा रही है।

किस्तों में होगा संचालन, चार्जिंग प्वाइंट भी तैयार
बसें मिलने के बाद इन्हें चरणबद्ध तरीके से विभिन्न रूटों पर चलाया जाएगा। 9 से 12 मीटर लंबी इन बसों की क्षमता 120 से 200 किलोमीटर प्रति चार्ज तक होगी। टाटीबंध चौक के पास हीरापुर में 5 एकड़ भूमि पर चार्जिंग प्वाइंट और डिपो बनाया जाएगा, जिस पर 14.33 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। बस संचालन के लिए अहमदाबाद की चार्टर्ड स्पीड लिमिटेड कंपनी को 62.20 रुपए प्रति किलोमीटर की दर पर ठेका दिया गया है।
यहां चलेंगी ई-सिटी बसें, ये हैं प्रस्तावित मार्ग:
- रायपुर रेलवे स्टेशन – कुम्हारी बस्ती – घड़ी चौक
- रायपुर रेलवे स्टेशन – माना एयरपोर्ट – माना कैंप
- रायपुर रेलवे स्टेशन – मंदिर हसौद – नवागांव – पलौद – कोटनी
- रायपुर रेलवे स्टेशन – पंडरी – अवंति चौक – मोवा – जीरो पाइंट – विधानसभा – दोंदे – खरोरा
- रायपुर रेलवे स्टेशन – फाफाडीह – सिलियारी
- रायपुर रेलवे स्टेशन – फाफाडीह – भनपुरी – उरला – कुम्हारी
- रायपुर एयरपोर्ट – टाटीबंध – भिलाई – दुर्ग
- रायपुर रेलवे स्टेशन – घड़ी चौक – मैग्नेटो मॉल – एमएम फन सिटी – भानसोज
- रायपुर रेलवे स्टेशन – घड़ी चौक – माना बस्ती – रावतपुरा कॉलेज – चंपारण
- रायपुर रेलवे स्टेशन – तेलीबांधा – मंदिर हसौद – कुरुद – चंद्रखुरी
- रायपुर रेलवे स्टेशन – धरसींवा – खैरखुंट – सुंगेरा
- रायपुर रेलवे स्टेशन – नवा रायपुर मंत्रालय (जोरा मार्ग)
- रायपुर रेलवे स्टेशन – नवा रायपुर मंत्रालय (माना बस्ती – टाटीबंध मार्ग)
- रायपुर एयरपोर्ट – तेलीबांधा – कुम्हारी – चरौदा – भिलाई-3 – नेहरू नगर – दुर्ग
- रायपुर रेलवे स्टेशन – पंडरी – विधानसभा – मांढर – सिलियारी
- रायपुर रेलवे स्टेशन – भाठागांव बस स्टैंड
अधिकारियों की तैयारी जोरों पर
कार्यपालन अभियंता प्रदीप यादव ने बताया कि ई-सिटी बसों के संचालन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। बसें मिलते ही इन्हें तय मार्गों पर चलाया जाएगा और शहरवासियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिल सकेगी।




