रजिस्ट्री के साथ जमीन का स्वचालित नामांतरण – कैट ने मुख्यमंत्री एवं राजस्व मंत्री का किया आभार प्रदर्शन
रायपुर। देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जमीन की रजिस्ट्री के साथ स्वचालित नामांतरण की नई व्यवस्था लागू करने के फैसले का स्वागत किया है। कैट ने मुख्यमंत्री माननीय श्री विष्णुदेव साय एवं राजस्व मंत्री माननीय श्री टंकराम वर्मा के इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया है।
कैट के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमर पारवानी, चेयरमेन मगेलाल मालू, प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र दोशी, कार्यकारी अध्यक्ष विक्रम सिंहदेव, परमानन्द जैन, वाशु माखीजा, महामंत्री सुरिन्द्र सिंह, कार्यकारी महामंत्री भरत जैन एवं कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल ने एक संयुक्त बयान में कहा कि यह निर्णय राज्य में भूमि खरीद-फरोख्त से संबंधित प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाएगा।
कैट के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने बताया कि अब जमीन की रजिस्ट्री होते ही नामांतरण प्रक्रिया स्वतः पूरी हो जाएगी, जिससे भू-माफिया और फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी। राज्य सरकार द्वारा जारी गजट नोटिफिकेशन के अनुसार नामांतरण का अधिकार अब तहसीलदारों से लेकर रजिस्ट्रार और सब-रजिस्ट्रार को सौंप दिया गया है।
कैट नेताओं ने इस फैसले को आम जनता के हित में बताया और कहा कि इससे न केवल प्रक्रियाओं में तेजी आएगी, बल्कि जनता को अनावश्यक दौड़-धूप से भी मुक्ति मिलेगी। संगठन ने छत्तीसगढ़ सरकार के इस दूरदर्शी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा को कोटि-कोटि धन्यवाद दिया है।


