बड़ी खबर : तेलीबांधा में भीषण सड़क हादसा , मॉर्निंग वॉक पर निकले चार लोगों को तेज रफ्तार कार ने कुचला, महिला की मौत
रायपुर। तेलीबांधा इलाके में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मॉर्निंग वॉक पर निकले चार लोगों को तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने कुचल दिया, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में एक युवक और एक युवती सवार थे। हादसे के बाद भी दोनों रुके नहीं और कार को तेज रफ्तार में लेकर भाग निकले। उनकी लापरवाही का आलम यह था कि उन्होंने राहगीरों को रौंदने के साथ-साथ रास्ते में सब्जियों के ठेले, डिवाइडर और खड़ी दूसरी गाड़ियों को भी टक्कर मार दी।
सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। मृतक महिला की पहचान की जा रही है। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और कार व आरोपियों की तलाश जारी है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और वे सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


