
2 मई 2025 की सुबह 7 बजे वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। अब अगले छह महीनों तक भक्त बाबा केदारनाथ के दर्शन कर सकेंगे। इससे पहले 30 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री, और 4 मई को बद्रीनाथ धाम के कपाट खुले थे। चारधाम यात्रा को लेकर देशभर से श्रद्धालु भारी संख्या में पहुंच रहे हैं। इसी बीच केदारनाथ धाम से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवती ने वहां की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर गहरी चिंता जताई है।


वीडियो में युवती भावुक होकर कहती है — “कृपया आप लोग फिलहाल केदारनाथ ना आएं। यहां स्थिति बहुत गंभीर है। भीड़ इतनी ज्यादा है कि किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता है, वैसा ही जैसा महाकुंभ में देखने को मिला था।”
युवती का कहना है कि यहां व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा चुकी हैं। लोग आपस में झगड़ रहे हैं, मारपीट हो रही है और प्रशासन की ओर से कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है।

टोकन सिस्टम भी बन रहा है अव्यवस्था की वजह
युवती बताती है कि दर्शन के लिए टोकन सिस्टम लागू किया गया है, जिसमें टाइमिंग तय कर दी गई है। लेकिन प्रशासन की ओर से समय पर कोई घोषणा नहीं की जा रही, जिससे एक ही जगह पर हजारों लोग इकट्ठा हो जा रहे हैं और भगदड़ जैसी स्थिति बन रही है।
वीडियो में वह कुछ विदेशी श्रद्धालुओं को भी दिखाती है जो बिना दर्शन किए ही मंदिर से लौट रहे हैं। युवती ने सरकार से सवाल किया कि, “जब व्यवस्थाएं नहीं संभल रही हैं, तो दर्शन की अनुमति क्यों दी जा रही है?”
भीड़ को लेकर गहरी चिंता
यह वीडियो सामने आने के बाद कई लोग सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि भीड़ नियंत्रण के उपाय तुरंत नहीं किए गए, तो केदारनाथ जैसे संवेदनशील क्षेत्र में बड़ा हादसा हो सकता है।




