सुशासन तिहार की रोशनी से गांवों की बदली तस्वीर: सोलर हाईमास्ट और पंप की मरम्मत से ग्रामीणों को राहत

सुशासन तिहार की रोशनी से गांवों की बदली तस्वीर

0
52

 

रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में मनाए जा रहे सुशासन तिहार ने सरकारी तंत्र को जनता के और करीब ला दिया है। जनसुनवाई, पारदर्शिता और त्वरित समाधान की भावना के साथ चल रहे इस अभियान में धमतरी जिले के भी कई गांवों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं।

ग्रामीणों की मांगों, शिकायतों और समस्याओं से जुड़े अधिकांश आवेदनों पर विभागों ने तत्परता से कार्रवाई की है। विशेष रूप से क्रेडा विभाग द्वारा सोलर हाईमास्ट लाइट, सोलर पंप, और ड्यूल पंप से संबंधित आवेदनों का तेजी से निपटारा किया गया, जिससे गांवों की तस्वीर बदल गई है।

डांगीमाचा गांव में सोलर पंप से फिर बहा स्वच्छ जल

धमतरी विकासखण्ड के डांगीमाचा गांव के निवासी कमलेश्वर उईके ने जल जीवन मिशन के तहत लगे सोलर ड्यूल पंप की खराब गेट वॉल्व को बदलने के लिए आवेदन दिया था। विभागीय टीम ने तुरंत निरीक्षण कर मरम्मत का कार्य पूरा किया, जिससे अब गांव में सुचारु रूप से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति हो रही है।

किशनपुरी गांव में फिर जली सोलर हाईमास्ट की रोशनी

ग्राम किशनपुरी के निवासी पांचूराम ने खराब पड़ी सोलर हाईमास्ट लाइट को सुधारने की मांग की थी। क्रेडा विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए पुरानी बैटरियों और लाइट को बदलकर व्यवस्था को फिर से चालू कर दिया। अब गांव की गलियां रात में फिर से रोशन हो रही हैं।

अन्य गांवों में भी मिली राहत

इसी तरह कुरूद विकासखण्ड के पचपेड़ी के लोमश कुमार साहू, चर्रा के तिलक राम ध्रुव और गिरौद के गजेंद्र कुमार साहू ने भी सुशासन तिहार के दौरान सोलर हाईमास्ट व पंप की मरम्मत के लिए आवेदन दिए थे। क्रेडा विभाग ने सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई कर मरम्मत का काम पूरा किया।

ग्रामीणों ने जताया मुख्यमंत्री के प्रति आभार

हितग्राहियों ने सरकार की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पहले जहां शिकायतों का समाधान महीनों लगता था, वहीं अब सुशासन तिहार के जरिए उनकी समस्याओं का निपटारा कुछ ही दिनों में हो गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here