
रायगढ़ जिले के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई, जिसमें बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठे मामा गंभीर रूप से घायल हो गए।


ससुराल से लौटते वक्त हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गोपालपुर निवासी करन उरांव (30 वर्ष), शनिवार को अपने मामा जोगिंदर उरांव के साथ बाइक से जुनवानी स्थित अपने ससुराल गया था। दोनों रात वहीं रुके और रविवार सुबह अपने गांव लौट रहे थे। जब वे लामीदरहा के पास पहुंचे, तो बाइक की गति अत्यधिक तेज थी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गया।
मौके पर मौत, अस्पताल में हुई पुष्टि
भयानक टक्कर के चलते करन उरांव को सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गया। वहीं, जोगिंदर उरांव को भी चोटें आईं। घायल जोगिंदर ने किसी तरह घटना की सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद करन उरांव को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




