‘इंडियन आइडल 12’ के विजेता और मशहूर सिंगर पवनदीप राजन के एक्सीडेंट की खबर ने उनके प्रशंसकों को झकझोर कर रख दिया है। सोमवार को उत्तराखंड से नोएडा जाते वक्त उनका भीषण सड़क हादसा हो गया। यह हादसा गजरौला में हाईवे किनारे खड़े एक कैंटर से उनकी कार की टक्कर के चलते हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
तीन लोग घायल, हालत नाजुक
इस हादसे में पवनदीप के साथ उनकी कार में मौजूद ड्राइवर राहुल सिंह और दोस्त अजय मेहरा भी घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद तीनों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पवनदीप की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अस्पताल से सामने आए वीडियो और तस्वीरों में देखा जा सकता है कि सिंगर के बाएं पैर और दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। उनकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों की एक विशेष टीम इलाज में जुटी हुई है।
फैन्स कर रहे दुआ
जैसे ही सोशल मीडिया पर एक्सीडेंट की खबर फैली, फैन्स और यूजर्स ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कमेंट्स की बाढ़ ला दी। पवनदीप की लोकप्रियता को देखते हुए यह खबर उनके चाहने वालों के लिए बेहद चिंताजनक है।


