छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा परिणाम 2025 घोषित, पुनर्गणना/पुनर्मूल्यांकन के लिए 22 मई तक करें आवेदन
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल (CGBSE) ने हाईस्कूल एवं हायर सेकण्डरी मुख्य परीक्षा वर्ष 2025 का परिणाम 7 मई 2025 को अपनी आधिकारिक वेबसाइट www.egbse.nic.in पर जारी कर दिया है।
परीक्षार्थी अपने परिणाम से असंतुष्ट होने की स्थिति में पुनर्गणना, पुनर्मूल्यांकन अथवा उत्तरपुस्तिका की छायाप्रति अवलोकन के लिए आवेदन कर सकते हैं। इन प्रक्रियाओं में से किसी एक, दो या तीनों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 22 मई 2025 निर्धारित की गई है।
इसके लिए निर्धारित प्रारूप मण्डल की वेबसाइट www.cgbse.nic.in से प्राप्त किया जा सकता है। परीक्षार्थी यह आवेदन निर्धारित शुल्क के साथ जिला, तहसील एवं विकासखण्ड के अग्रेषण संस्थाओं में जमा कर सकते हैं या फिर ऑनलाइन माध्यम से भी सीधे वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं।
निर्धारित तिथि के बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मण्डल ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो परीक्षार्थी पुनर्गणना, पुनर्मूल्यांकन या उत्तरपुस्तिका अवलोकन हेतु आवेदन करेंगे, उन्हें द्वितीय मुख्य परीक्षा के लिए पृथक से परीक्षा आवेदन फार्म भरने का अवसर नहीं मिलेगा। ऐसे परीक्षार्थियों को निर्धारित समयावधि में ही परीक्षा आवेदन फार्म भरना अनिवार्य होगा।


