
GC CRIME : उड़िसा से चिटफंड घोटाले का फरार आरोपी गिरफ्तार, 8 साल से था फरार
दुर्ग (पुलगांव)। थाना पुलगांव (चौकी जेवरा सिरसा) पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए माइको फाइनेंस पब्लिक लिमिटेड के फरार डायरेक्टर सुरथादास को उड़िसा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले 8 वर्षों से फरार था और उस पर दो निवेशकों से कुल 10,20,000 रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।


प्रकरण में प्रार्थिया रूखमणी बाई साहू निवासी ग्राम जेवरा सिरसा ने वर्ष 2017 में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि माइको फाइनेंस लिमिटेड के डायरेक्टरों ने अधिक ब्याज और पैसा डबल करने का झांसा देकर वर्ष 2008 से उसके पति से 9,70,000 रुपये एवं एक अन्य निवेशक से 50,000 रुपये की ठगी की थी। इसके बाद सभी आरोपी ऑफिस बंद कर फरार हो गए थे।
इस मामले में थाना पुलगांव में अपराध क्रमांक 221/2017 धारा 420, 409 भादंवि एवं चिटफंड व निक्षेपकों के हित संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपी अपराध दर्ज होने से पहले ही फरार हो गए थे।

चिटफंड घोटाले के फरार डायरेक्टरों की पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। आरओसी से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस टीम को उड़िसा भेजा गया, जहां से आरोपी सुरथादास (पिता ढोई चरन दास, उम्र 45 वर्ष, निवासी यूनिट-9 भोई नगर, जिला खोरधा, उड़िसा) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मी नारायण जोशी, प्रधान आरक्षक धनंजय, आरक्षक अजय गहलोत और दीपक जान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अन्य फरार आरोपियों की पतासाजी जारी है।




