सीमा हैदर की बहन रीमा का भावुक वीडियो आया सामने, पीएम मोदी से की बहन को पाकिस्तान भेजने की अपील

ग्रेटर नोएडा। पाकिस्तान से भारत आई सीमा हैदर एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह है उसका पारिवारिक मामला, जो अब सार्वजनिक हो चुका है। सीमा हैदर की बहन रीमा ने एक वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भावुक अपील की है। यह वीडियो सीमा के पाकिस्तानी पति गुलाम हैदर के यूट्यूब चैनल पर पोस्ट किया गया है।
वीडियो में रीमा ने खुद को सीमा हैदर की सगी बहन बताते हुए रोते हुए कहा कि उसकी बहन को जल्द पाकिस्तान वापस भेजा जाए। उसने कहा कि सीमा के बच्चे पाकिस्तान में सुरक्षित हैं और वह चाहती है कि सीमा अपनी मां और बच्चों के पास लौट आए।
रीमा ने सवाल उठाया कि जब भारत सरकार वीजा पर आए पाकिस्तानियों को उनके देश वापस भेज रही है, तो बिना वीजा के अवैध रूप से भारत आई सीमा हैदर को क्यों नहीं भेजा जा रहा है। उसने इसे अन्याय बताया और न्याय की गुहार लगाई।
सीमा पर हुआ था हमला, घर में घुसकर युवक ने की थी मारपीट
3 मई को सीमा हैदर के ग्रेटर नोएडा स्थित घर में एक युवक ने घुसकर उस पर हमला कर दिया था। यह घटना शनिवार शाम करीब 7 बजे की है, जब एक युवक ने घर के मुख्य दरवाजे पर जोर-जोर से लात मारी और फिर अंदर घुसते ही सीमा का गला दबाने लगा। इस दौरान उसने सीमा को कई थप्पड़ भी मारे।
सीमा की चीखें सुनकर उसके परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़ लिया। परिजनों ने उसकी पिटाई कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही सीमा ने तुरंत कोतवाली रबूपुरा और अन्य पुलिस अधिकारियों को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
यह मामला अब सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। सीमा हैदर पहले ही अपने पाकिस्तान से आने और भारत में रहने को लेकर विवादों में रही हैं। अब उसकी बहन की भावुक अपील ने इस मुद्दे को और गरमा दिया है।


