छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज:
तेज़ हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी ,ऑरेंज अलर्ट जारी
रायपुर। प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने छत्तीसगढ़ के दक्षिण और मध्य हिस्सों में अगले चार दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। खासकर बस्तर संभाग के जिलों में मौसम काफी सक्रिय रहने वाला है।
तेज़ हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी
IMD ने धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर और सुकमा जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज़ हवाओं के साथ भारी बारिश और अंधड़ की आशंका है। नागरिकों को अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर न निकलने और पूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
17 मई तक मौसम रहेगा सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार, 17 मई तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज़ अंधड़ और बिजली की गर्जना के साथ बारिश हो सकती है। विशेष रूप से बस्तर संभाग के जिलों में यह स्थिति चार दिनों तक बनी रह सकती है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएं। प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जनजीवन पर असर, ट्रैफिक विभाग ने की अपील
राजधानी रायपुर और आस-पास के इलाकों में बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं से मौसम खुशनुमा हो गया है। हालांकि, संभावित बारिश और तेज़ हवाओं के कारण स्कूलों व अन्य संस्थानों को आवश्यक सावधानी बरतने को कहा गया है। ट्रैफिक विभाग ने भी नागरिकों से बारिश के दौरान सड़क पर सतर्कता बरतने की अपील की है।


