
बांग्लादेशी महिला दो साल से फर्जी पहचान छिपाकर भिलाई में रह रही थी, STF ने किया गिरफ्तार
दुर्ग, छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित सुपेला इलाके से एक अवैध रूप से रह रही बांग्लादेशी महिला को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने गिरफ्तार किया है। पन्ना बीबी नाम की यह महिला काकोली घोष उर्फ अंजली सिंह के नाम से फर्जी दस्तावेजों के जरिए भिलाई में पिछले दो वर्षों से रह रही थी।


एसटीएफ को सूचना मिली थी कि नेहरू रोड, सुपेला में स्थित सूरज साव के मकान में एक संदिग्ध महिला फर्जी नाम से रह रही है। जांच के दौरान महिला ने खुद को अंजली सिंह, पूर्वी दिल्ली निवासी बताया और पहचान के लिए आधार कार्ड प्रस्तुत किया, जो संदेहास्पद पाया गया।
गहन पूछताछ में महिला ने अपनी असली पहचान पन्ना बीबी (पिता- अब्दुल रौफ, जिला- खुलना, बांग्लादेश) के रूप में स्वीकार की। जांच में यह भी सामने आया कि वह बिना वैध पासपोर्ट और वीजा के भारत-बांग्लादेश सीमा से अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर पहले कोलकाता, फिर दिल्ली और उसके बाद भिलाई में रह रही थी।

पन्ना बीबी ने दिल्ली निवासी एक महिला की पहचान चुराकर फर्जी आधार कार्ड बनवाया और उसी के नाम पर इलाज भी करवाया। महिला के खिलाफ विदेशी नागरिक अधिनियम 1946, पासपोर्ट अधिनियम 1920 और भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इसके अलावा मकान मालिक सूरज साव के खिलाफ भी किरायेदार की जानकारी छिपाने और सहयोग करने के आरोप में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में एसटीएफ प्रभारी नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी, थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक विजय यादव व उनकी टीम, तथा एसटीएफ के उप निरीक्षक रमेश सिन्हा, पंकज चतुर्वेदी और संतोष गुप्ता की विशेष भूमिका रही।




