छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी के बीच मौसम का बदला मिजाज: 9 जिलों में यलो अलर्ट, आंधी-बारिश की चेतावनी

0
97
WEATHER UPDATE

छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी के बीच मौसम का बदला मिजाज: 9 जिलों में यलो अलर्ट, आंधी-बारिश की चेतावनी

रायपुर। प्रदेश में जारी भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। कांकेर, नारायणपुर समेत 9 जिलों में आज आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही, कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, यह स्थिति अगले दो दिनों यानी 16 और 17 मई तक मध्य छत्तीसगढ़ और बस्तर संभाग के जिलों में बनी रहेगी।

वेस्टर्न डिस्टरबेंस और ट्रफ लाइन का असर

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिण-पश्चिम उत्तरप्रदेश से तमिलनाडु तक बनी ट्रफ लाइन के कारण छत्तीसगढ़ में मौसम में बदलाव हो रहा है। इन दोनों सक्रिय सिस्टम के कारण प्रदेश में आंधी-बारिश की स्थिति बनी हुई है।

बिलासपुर सबसे गर्म, तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस

बुधवार को बिलासपुर का अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री रहा, जो प्रदेश में सबसे अधिक दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान भी 29.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक था। मुंगेली में दिन का पारा 40.8 डिग्री, रायगढ़ और गौरेला-पेन्ड्रा-मरवाही में 39.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

रायपुर में पारा 41 डिग्री के पार

14 मई को रायपुर का अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री रहा। मौसम विभाग के मुताबिक आज भी दिन का तापमान 41 डिग्री और रात का तापमान 29 डिग्री के आसपास रहेगा। बुधवार को न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो औसत से 1.4 डिग्री अधिक था।

बस्तर संभाग में तीन दिन का अलर्ट

बस्तर संभाग के जिलों में अगले तीन दिन तक आंधी और बारिश के आसार हैं। पिछले 24 घंटे में तोकापाल में 40 मिमी और जगदलपुर में 20 मिमी बारिश हुई। बुधवार को जगदलपुर का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री और न्यूनतम 23.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 5 डिग्री कम था।

दुर्ग में भी गर्मी बरकरार

दुर्ग में बुधवार को अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री और न्यूनतम 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल दुर्ग संभाग के जिलों में दिन का तापमान ऐसे ही बना रहेगा।

तेज गर्मी से परेशान छत्तीसगढ़वासियों के लिए मौसम विभाग की यह चेतावनी राहत और सतर्कता दोनों का संकेत है। आगामी दिनों में आंधी और बारिश से तापमान में गिरावट की उम्मीद की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here