कोंडागांव: राज्य शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत कोंडागांव जिले के विकासखंड माकड़ी के मड़ी प्रांगण में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कुल 48 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे और दांपत्य जीवन की शुरुआत की।
इस विशेष अवसर पर प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखन लाल देवांगन, बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्री देवांगन ने कहा, “पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में गरीब परिवारों के लिए एक रुपए में चावल और मुफ्त नमक जैसी योजनाएं शुरू की गईं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई। किसानों को ब्याज मुक्त ऋण देकर सहारा दिया गया।”
उन्होंने सुशासन तिहार का उल्लेख करते हुए कहा कि आदिवासी किसान का बेटा सभी के हित में केंद्र और राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के दूरदर्शी दृष्टिकोण की सराहना करते हुए कहा कि गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए पंजीयन और आर्थिक सहायता देकर महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है।
कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने नवदंपत्तियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “पहले गरीब परिवारों को बेटियों की शादी को लेकर चिंता रहती थी, लेकिन अब मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से बिना कर्ज के विवाह संभव हो पाया है, जिससे परिजनों को राहत मिल रही है।”
पूर्व विधायक श्री सेवकराम नेताम ने भी नवविवाहित जोड़ों को बधाई दी और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
विवाह संपन्न होने के बाद सभी जोड़ों को विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किए गए और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत कन्या के नाम से 35,000 रुपये का चेक भी दिया गया।
कार्यक्रम को वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार गायत्री समाज के प्रतिनिधियों द्वारा संपन्न कराया गया। नवविवाहित जोड़ों के परिजनों ने भी इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर कोंडागांव कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक श्री वाय अक्षय कुमार, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रदमा बघेल और श्रीमती भगवती नेताम, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जुगबती पोयाम, जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, एडीएम श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर समेत अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों के उज्ज्वल भविष्य और सुखमय जीवन की कामना की। परिजनों और स्थानीय निवासियों ने भी इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया।


