पत्नी के मायके जाने से परेशान युवक ने की आत्महत्या, घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला शव

पत्नी के मायके जाने से परेशान युवक ने की आत्महत्या

0
129

 

छत्तीसगढ़ के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम उमरेली में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक का शव उसके घर में पंखे से लटकता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय जगन्नाथ यादव के रूप में हुई है। उनके पिता मिठाई लाल यादव ने पुलिस को बताया कि जगन्नाथ उनका इकलौता पुत्र था। घटना से कुछ समय पहले पति-पत्नी दोनों रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र में एक कार्यक्रम में गए थे। सुबह लौटने के बाद काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो अनहोनी की आशंका हुई।

परिजनों ने आसपास के लोगों को सूचना दी और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए। अंदर का नजारा देखकर सभी सन्न रह गए—जगन्नाथ का शव पंखे से फांसी के फंदे पर लटका हुआ था।

जगन्नाथ यादव के तीन बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले उसकी पत्नी तीनों बच्चों को लेकर अपने मायके चली गई थी। इस बात से वह बेहद परेशान था और घर में अकेला रहता था। मृतक के पिता ने बताया कि बेटे की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह पत्नी के जाने से काफी तनाव में था।

उरगा थाना में पदस्थ अजय कुमार पांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रारंभिक जांच शुरू की। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का सही पता लगाया जा सके।

इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव से उपजे आत्महत्या के मामलों पर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मानसिक तनाव में है तो उसकी काउंसलिंग और सहायता की कोशिश करें।

https://hn24.in/wp-content/uploads/2025/12/IMG-20251218-WA0003.jpg

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here