
छॉलीवुड का ऐतिहासिक कदम, छत्तीसगढ़ से बनी पहली हिंदी फिल्म ‘जानकी-भाग 1’, 13 जून को होगी देशभर में रिलीज
रायपुर। छत्तीसगढ़ की फिल्म इंडस्ट्री ‘छॉलीवुड’ अब एक ऐतिहासिक मोड़ पर पहुंच चुकी है। पहली बार छत्तीसगढ़ के निर्माता-निर्देशकों ने एक हिंदी फिल्म का निर्माण किया है। इस फिल्म का नाम ‘जानकी-भाग 1 (Janki Chapter 1)’ है, जो 13 जून को देशभर में रिलीज की जाएगी। इस फिल्म के जरिए न सिर्फ छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति को राष्ट्रीय पटल पर लाने की कोशिश की गई है, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को भी बड़ी पहचान दिलाने की पहल की गई है।


छत्तीसगढ़ी सिनेमा का इतिहास काफी पुराना है। वर्ष 1965 में पहली छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘कहि देबे सन्देस’ बनी थी। इसके बाद 1972 में ‘घर-द्वार’ और 2000 में पहली रंगीन छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘मोर छइयां भुइयां’ आई। बीते 25 वर्षों से छत्तीसगढ़ी सिनेमा लगातार सक्रिय रहा है। अब यह उद्योग एक नए युग में प्रवेश कर रहा है।
‘जानकी-भाग 1’ फिल्म का निर्देशन कौशल उपाध्याय ने किया है और निर्माता मोहित साहू हैं। फिल्म में अनिकृति चौहान मुख्य भूमिका में ‘जानकी’ के किरदार में और दिलेश साहू ‘रघु’ के किरदार में नजर आएंगे। इनके साथ जीत शर्मा, नीरज उइके, नितिन ग्वाला, अमित गोस्वामी, सुमित्रा साहू, अनुनय शर्मा, दीवाना पटेल, मोहित जोशी, पप्पू चंद्राकर, तेजराम साहू और अमर दास लहरे भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखेंगे।

फिल्म के संगीतकार तोषांत कुमार और मोनिका वर्मा हैं, जबकि एडिटर गौरांग त्रिवेदी हैं। फिल्म में प्रसिद्ध सिंगर कैलाश खेर, शान, जावेद अली, देव नेगी, नक्श अजीज और मोनिका वर्मा ने अपनी आवाज दी है। मनोहर यादव ने बैकग्राउंड म्यूजिक तैयार किया है, प्रवीर दास ने वीएफएक्स का कार्य संभाला है और बाबा बघेल ने कोरियोग्राफी की है।
डबिंग के लिए फेमस वॉयस आर्टिस्ट संकेत म्हात्रे ने रघु और पायल विशाल ने जानकी के किरदार को अपनी आवाज दी है। इस फिल्म के को-प्रोड्यूसर गजेन्द्र देवांगन, आशीष कुमार गोयल और रवि माहवार हैं।
‘जानकी-भाग 1’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक गौरव को देशभर में प्रस्तुत करने की एक मजबूत पहल है, जो छॉलीवुड को नई पहचान और दिशा देने जा रही है।




