
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि युवा शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है और भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी। वे राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मंडपम सभागार में आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद बैठक के तहत आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे।


मुख्यमंत्री ने ABVP को विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन बताते हुए छत्तीसगढ़ में इस बैठक के आयोजन को गौरव की बात बताया। उन्होंने कहा, “शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है और यह विकास का मूलमंत्र है। छत्तीसगढ़ में शिक्षा के राष्ट्रीय स्तर के संस्थान जैसे IIT, AIIMS, IIIT, और नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी आज उपलब्ध हैं।”
उन्होंने कहा कि प्रदेश में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू की जा चुकी है, जिसके तहत शिक्षा को रोजगार से जोड़ने का कार्य हो रहा है। ‘प्रयास’ जैसी संस्थाएं स्कूली बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा देकर उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिला रही हैं।

युवाओं के लिए सुविधाएं और अवसर
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि नई दिल्ली में स्थापित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता बढ़ाकर 200 सीट की गई है ताकि सिविल सेवा जैसे उच्चस्तरीय परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। प्रदेश में ‘नालंदा परिसर’ बनाए जा रहे हैं जहाँ विद्यार्थी शांत वातावरण में पढ़ाई कर सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ में मेडिकल की पढ़ाई अब हिंदी भाषा में भी संभव होगी। प्राथमिक स्तर के बच्चों को गोंडी और हल्बी जैसी मातृभाषाओं में शिक्षा दी जा रही है।
औद्योगिक विकास और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति को देशभर में सराहा जा रहा है। इसके अंतर्गत निवेश और रोजगार दोनों को बढ़ावा मिल रहा है। राज्य में सेमीकंडक्टर चिप निर्माण और AI डेटा सेंटर जैसी परियोजनाएं शुरू हुई हैं, जो युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेंगी।
उन्होंने कहा कि PSC घोटाले की जांच CBI को सौंपी गई है ताकि युवाओं के भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ न हो। “युवाओं के हितों की रक्षा करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है,” उन्होंने कहा।
सुशासन तिहार और पारदर्शिता की पहल
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई ‘सुशासन तिहार’ योजना के तहत प्रदेश के कोने-कोने में जाकर जनता से सीधा संवाद और फीडबैक लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना और महतारी वंदन योजना के तहत लाखों लोगों को लाभ मिला है।
मुख्यमंत्री ने एक उदाहरण देते हुए कहा, “नारायणपुर की एक बहन ने बताया कि महतारी वंदन की राशि से सिलाई मशीन लेकर वह हर महीने 4-5 हजार रुपये कमा रही हैं।”
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जहाँ ‘सुशासन एवं अभिसरण विभाग’ की स्थापना की गई है। सरकारी कामकाज को डिजिटाइजेशन और ई-फाइल सिस्टम के माध्यम से पूरी तरह पारदर्शी बनाया जा रहा है। भ्रष्टाचार के सभी रास्तों को बंद किया जा रहा है।
विशेष अतिथियों की उपस्थिति
इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक श्री किरण देव, श्री मोतीलाल साहू सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।




