धरसीवा में रिसेप्शन के दौरान हिंसक हमला ,असामाजिक तत्वों ने ईसाई परिवार को बनाया निशाना, पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप
रायपुर। धरसीवा थाना क्षेत्र के नगर गांव में एक ईसाई परिवार के विवाह उपरांत आयोजित स्वागत समारोह (रिसेप्शन) पर असामाजिक तत्वों ने भीषण हमला कर दिया। इस हमले में कई लोग घायल हो गए, वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और घर में तोड़फोड़ की गई।
जानकारी के अनुसार, श्री रूपेंद्र के निवास पर विवाह समारोह के बाद रिसेप्शन रखा गया था, जिसमें लगभग 80 से 100 मेहमान शामिल थे। रात क़रीब 11 बजे कुछ स्थानीय असामाजिक तत्वों ने पहले महिलाओं से गाली-गलौज शुरू की। जब पुरुषों ने इसका विरोध किया, तो मामला अचानक हिंसक हो गया।
हमले के दौरान:
- मेहमानों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई
- कई गाड़ियों को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त किया गया
- कुछ वाहनों में आग भी लगा दी गई
- घर में रखे दहेज और अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हमला लगभग 1 से 2 घंटे तक चला। सबसे गंभीर बात यह रही कि पुलिस मौके पर करीब 2:30 बजे पहुँची, तब तक हमला जारी रहा।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में भी पथराव और धमकियाँ दी जाती रहीं, जिससे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग गहरे सदमे में हैं। परिवार का कहना है कि यह हमला एक पूर्व नियोजित साजिश और धार्मिक द्वेष का परिणाम है।
पीड़ितों ने धरसीवा थाना प्रभारी से FIR दर्ज करने की माँग की है और कहा है कि उन्हें अब भी खतरे का डर है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सुरक्षा और न्याय की माँग की है।


