स्वास्थ्य विभाग के आदेश के खिलाफ पत्रकारों का हल्ला बोल, अंबेडकर चौक में जलाया आदेश की प्रति
रायपुर। राजधानी रायपुर में पत्रकारों ने स्वास्थ्य विभाग के उस आदेश के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय परिसर में मीडिया कवरेज पर रोक और सीमाएं तय की गई हैं। यह आदेश जारी होते ही पत्रकारों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
अंबेडकर चौक पर प्रदर्शन, आदेश की प्रति जलाई
बुधवार को रायपुर के अंबेडकर चौक पर बड़ी संख्या में पत्रकारों ने एकत्र होकर स्वास्थ्य विभाग के इस तुगलकी फरमान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों ने आदेश की प्रति को सार्वजनिक रूप से जलाकर अपना विरोध जताया।
मीडिया की स्वतंत्रता पर हमला : पत्रकार
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों में व्याप्त अव्यवस्थाओं, जनहित से जुड़ी समस्याओं और चिकित्सा लापरवाही जैसे मामलों को उजागर करना पत्रकारों का कर्तव्य और अधिकार है। ऐसे में मीडिया कवरेज पर पाबंदी लोकतंत्र और जनता के अधिकारों पर सीधा हमला है।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
पत्रकारों ने एक स्वर में मांग की कि स्वास्थ्य विभाग इस आदेश को तत्काल प्रभाव से वापस ले। अन्यथा, आने वाले दिनों में विरोध और उग्र रूप ले सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और स्वास्थ्य विभाग की होगी।
पृष्ठभूमि में क्या है मामला?
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आदेश में राजधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल डॉ. अंबेडकर हॉस्पिटल में मीडिया कवरेज को सीमित करने की बात कही गई है। इसके तहत अस्पताल परिसर में बिना अनुमति प्रवेश और रिपोर्टिंग को प्रतिबंधित किया गया है।
इस आदेश को लेकर न केवल पत्रकार संगठनों में बल्कि आमजन के बीच भी चिंता बढ़ गई है।


