
फॉर्च्यूनर कार के अंदर एक ही परिवार के तीन लोगों की संदिग्ध मौत
गाड़ी के अंदर खून के छींटे प्लास्टिक पर बिखरे
पटियाला (पंजाब)। पंजाब के पटियाला जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के छंगेरा गांव के पास नेशनल हाईवे पर खड़ी एक फॉर्च्यूनर कार के अंदर एक ही परिवार के तीन लोगों के शव मिले हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों शवों पर गोली लगने के निशान हैं और प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि सभी एंगल से जांच की जा रही है।


घटना रविवार को उस समय सामने आई जब खेतों में काम कर रहे मजदूरों ने हाईवे किनारे संदिग्ध हालत में खड़ी गाड़ी देखी और पुलिस को सूचना दी।
मृतकों की पहचान मोहाली निवासी परिवार के रूप में
मृतकों की पहचान मोहाली के सेक्टर 109 निवासी प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह राजपाल (45), उनकी पत्नी मंदीप कौर (42) और बेटे अभय सिंह (15) के रूप में हुई है।

फॉर्च्यूनर में मिले खून के छींटे और शव
पुलिस के मुताबिक, संदीप सिंह का शव ड्राइवर सीट पर, पत्नी का शव आगे की पैसेंजर सीट पर और बेटे का शव पीछे की सीट पर मिला। गाड़ी के अंदर खून के छींटे प्लास्टिक पर बिखरे हुए थे।
पुलिस को मौके से मिला लाइसेंसी पिस्तौल
पुलिस ने मौके से संदीप सिंह की लाइसेंसी पिस्तौल बरामद की है। डीएसपी मंजीत सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि संदीप ने पहले अपनी पत्नी और बेटे को गोली मारी और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जो सोमवार को किया जाएगा।
बेटा मानसिक स्वास्थ्य से जूझ रहा था
अधिकारियों ने बताया कि संदीप सिंह का बेटा मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित था, जिससे परिवार तनाव में था। डीएसपी मंजीत सिंह ने बताया कि यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
परिवार को दी गई सूचना
पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। संदीप सिंह मूल रूप से बठिंडा के सिखवाला गांव के रहने वाले थे और पिछले 7-8 वर्षों से मोहाली में रह रहे थे। उनका भाई पैतृक गांव में है जबकि बहन विदेश में रहती हैं।




