Raipur crime : गोलबाजार पुलिस की बड़ी कार्रवाई अफसाना बी उर्फ गुड़िया और निजामुद्दीन उर्फ ईम्मू 5 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार
रायपुर।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर रायपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना गोलबाजार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को 5 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है।
दिनांक 30 जून 2025 को थाना गोलबाजार पुलिस को सूचना मिली कि डीकेएस अस्पताल की पार्किंग के पीछे एक महिला और पुरुष मादक पदार्थ गांजा लेकर ग्राहक की तलाश में हैं। सूचना की पुष्टि के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर लखन पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइंस केशरीनंदन नायक के निर्देशन में थाना प्रभारी गोलबाजार को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बताए गए हुलिए के आधार पर दोनों आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में महिला ने अपना नाम अफसाना बी उर्फ गुड़िया, निवासी मोतीबाग चौक यूनियन क्लब, और पुरुष ने अपना नाम मोह. निजामुद्दीन उर्फ ईम्मू, निवासी मोतीबाग चौक यूनियन क्लब के सामने, थाना गोलबाजार बताया।
तलाशी के दौरान दोनों के पास से 5.00 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹50,000 है, बरामद किया गया। पूछने पर वे इस संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर धारा 20बी नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 111/2025 दर्ज कर कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
अफसाना बी उर्फ गुड़िया पूर्व में गोलबाजार थाना क्षेत्र से 110 पौवा अवैध शराब के साथ पकड़ी गई थी, जिस पर 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी।मोह. निजामुद्दीन उर्फ ईम्मू को पूर्व में भी गांजे के साथ पकड़े जाने पर NDPS एक्ट के तहत जेल भेजा गया था।
पुलिस का यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और नशे के कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।


