ब्रेकिंग न्यूज़ : शहर के उद्योगपति अजय गेई ने की आत्महत्या
शारीरिक पीड़ा और डिप्रेशन बना वजह, लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को मारी गोली
हिंदुस्तान न्यूज़ 24। शहर के प्रसिद्ध उद्योगपति और कटनी में होटल व्यवसायी अजय गेई ने बीती रात अपने निवास में आत्महत्या कर ली। घटना माधव नगर गेट के पास स्थित उनके घर पर रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच हुई। उन्होंने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। अजय गेई फूड प्रोडक्ट्स और होटल अरिंदम के संचालक थे और शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायियों में उनकी गिनती होती थी।
दर्द और अवसाद ने ली जान
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया ने बताया कि गोली की आवाज सुनते ही परिजन कमरे की ओर भागे, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की का शीशा तोड़कर जब वे कमरे में दाखिल हुए, तब अजय गेई खून से लथपथ मिले। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, कुछ वर्ष पहले रायपुर में अजय गेई के हिप्स का ऑपरेशन हुआ था, जिसके बाद से वे लगातार शारीरिक दर्द और तकलीफ से जूझ रहे थे। इस दर्द के चलते वे गहरे डिप्रेशन में चले गए थे, जो आत्महत्या की वजह बन सकता है।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आत्महत्या के अन्य संभावित कारणों को भी खंगाल रही है। शहर के उद्योग जगत में इस खबर से शोक की लहर है।


