छत्तीसगढ़ चिंगरा पगारा वॉटरफॉल में खतरा, पर्यटकों की आवाजाही पर रोक
गरियाबंद, छत्तीसगढ़।
जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल चिंगरा पगारा वॉटरफॉल में इन दिनों जंगली हाथियों का आतंक देखने को मिल रहा है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने आम जनता के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।
प्रशासन के मुताबिक, वॉटरफॉल से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में बीते कुछ दिनों से हाथियों का एक दल सक्रिय है, जो कभी भी उग्र रूप ले सकता है। पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इलाके में चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, साथ ही पुलिस बल की तैनाती भी कर दी गई है।
वन विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त निगरानी में पूरे क्षेत्र को हाई अलर्ट पर रखा गया है। स्थानीय ग्रामीणों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि जब तक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, तब तक पर्यटकों को चिंगरा पगारा वॉटरफॉल की यात्रा से बचने की सलाह दी जाती है।
पर्यटकों से अपील की गई है कि वे अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें और फिलहाल यात्रा की योजना टाल दें।


