रायपुर क्राइम न्यूज़ : गोवर्धन नगर डेयरी हत्याकांड का खुलासा, आरोपी तरुण मिश्रा उर्फ पूनम गिरफ्तार
रायपुर। खमतराई थाना क्षेत्र के गोवर्धन नगर स्थित एक डेयरी फार्म में हुई हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। डेयरी में काम करने वाले धनेश उर्फ धन्नू साहू की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी तरुण मिश्रा उर्फ पूनम को गरियाबंद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शराब के नशे में हुई कहासुनी के बाद फावड़े से हमला कर धनेश की हत्या करना स्वीकार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 जुलाई 2025 की शाम लगभग 4:30 बजे कृष्णा वर्मा नामक व्यक्ति दूध लेने गोवर्धन नगर स्थित सुभाष तिवारी की डेयरी फार्म पहुंचा था, जहां उसने देखा कि डेयरी में काम करने वाला धनेश उर्फ धन्नू साहू मृत अवस्था में पड़ा था। उसके सिर और चेहरे से खून निकल रहा था और घटनास्थल पर खून से सना फावड़ा भी बरामद हुआ।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने तत्काल टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए। एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट व खमतराई थाना की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आस-पास के लोगों और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की। जांच में पता चला कि डेयरी में काम करने वाला एक अन्य व्यक्ति तरुण मिश्रा उर्फ पूनम घटना के बाद से लापता है और उसका मोबाइल भी बंद है।
सूत्रों से मिली जानकारी और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने तरुण मिश्रा की तलाश शुरू की और उसे गरियाबंद जिले से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना के दिन दोनों ने शराब पी थी और मृतक धनेश द्वारा चोरी कर दिया गया मोबाइल फोन नशे की हालत में खो जाने से दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी झगड़े के दौरान तरुण मिश्रा ने धनेश को फावड़े से मारकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा जब्त कर लिया है। आरोपी तरुण मिश्रा उर्फ पूनम, पिता रामनरेश मिश्रा, उम्र 38 वर्ष, मूल निवासी सुरसेना, थाना सरघुवा, जिला चित्रकूट (उ.प्र.), वर्तमान में तिवारी डेयरी, गोवर्धन नगर, खमतराई में काम कर रहा था।
इस कार्रवाई में शामिल अधिकारीगण:
थाना प्रभारी निरीक्षक सचिन सिंह, एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट प्रभारी निरीक्षक परेश पांडेय, सउनि. प्रेमराज बारिक, प्र.आर. विजय पटेल, पुष्पराज परिहार, चिंतामणि साहू, आर. शिवम द्विवेदी, अभिषेक सिंह, वीरेन्द्र बहादुर सिंह, अविनाश देवांगन, गौरीशंकर साहू, उप निरीक्षक प्रहलाद राठौर, आर. सुमित वर्मा, प्रदीप यादव, दीपक मिश्रा, लक्ष्मीकांत अहीर, अक्षय दिनकर एवं योगेश दुबे की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है।


