रायपुर के होटल में युवती का ड्रग्स लेते वीडियो वायरल, 500 रुपए के नोट में ड्रग्स की लाइन बनाते दिखी युवती
रायपुर। राजधानी के एक निजी होटल से युवती द्वारा ड्रग्स लेने का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवती को 500 रुपए के नोट में ड्रग्स की लाइन बनाते और उसे चाटते हुए देखा जा सकता है। वीडियो के वायरल होने के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया है और एक बार फिर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गए हैं।
कांग्रेस का आरोप: सरकार दे रही ड्रग्स माफियाओं को संरक्षण
पूर्व कांग्रेस विधायक विकास उपाध्याय ने इस मामले को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ड्रग्स माफियाओं को संरक्षण दे रही है, जिससे युवा पीढ़ी नशे की दलदल में धंसती जा रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “डबल इंजन सरकार में ड्रग्स कहां से आ रही है?” विकास उपाध्याय ने यह भी कहा कि भाजपा शासन में नशे के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हो रही और माफियाओं को खुली छूट मिली हुई है।
भाजपा का पलटवार: कांग्रेस के कार्यकाल की देन है नशे की समस्या
कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए भाजपा के संगठन महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले यह जांच कर ले कि वीडियो में जो व्यक्ति नशा कर रहा है, वह कहीं कांग्रेस परिवार से तो नहीं जुड़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ही नशे ने व्यापक रूप लिया और वर्तमान सरकार उसी की सफाई में लगी हुई है। श्रीवास्तव ने दावा किया कि भाजपा सरकार नशे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल पूरा मामला जांच के दायरे में है और उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही सच्चाई सामने आएगी।


