महापौर मीनल चौबे की अभिनव पहल: जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान हेतु पूर्व जनप्रतिनिधियों से ले रहीं सुझाव
रायपुर। राजधानी रायपुर में जलभराव की गंभीर समस्या को दूर करने नगर निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने एक अभिनव पहल की है। इस दिशा में उन्होंने नगर निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन के तृतीय तल सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की, जिसमें शहर के पूर्व महापौर, सभापति और निगम पदाधिकारियों को आमंत्रित कर उनके कार्यकाल के अनुभव साझा करने और सुझाव लेने का कार्य किया गया।
इस महत्वपूर्ण संवाद में पूर्व महापौर एवं वर्तमान राज्य महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष एवं पूर्व सभापति श्री संजय श्रीवास्तव, राज्य लौह शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रफुल्ल विश्वकर्मा, पूर्व महापौर श्री प्रमोद दुबे, पूर्व महापौर श्री एजाज ढेबर, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री सुभाष तिवारी तथा पूर्व एमआईसी सदस्य श्री राधेश्याम विभार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में जलभराव से निपटने के लिए विभिन्न सुझावों और अनुभवों पर गंभीर मंथन हुआ। महापौर मीनल चौबे ने कहा कि रायपुर शहर की जलभराव की समस्या एक दीर्घकालिक चुनौती रही है, जिसे हल करने के लिए अतीत के अनुभवों और वर्तमान तकनीकी उपायों का समन्वय आवश्यक है।
इस अवसर पर नगर निगम के सभापति श्री सूर्यकांत राठौर, आयुक्त श्री विश्वदीप, एमआईसी सदस्य श्री मनोज वर्मा एवं श्री दीपक जायसवाल सहित अपर आयुक्तगण, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता व उप अभियंता भी उपस्थित रहे।
नगर निगम रायपुर द्वारा यह पहल न केवल समन्वित प्रयासों की मिसाल है, बल्कि पूर्व जनप्रतिनिधियों के अनुभवों का लाभ लेकर शहर के भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में एक सार्थक कदम भी है।



