सांसद बृजमोहन अग्रवाल का बड़ा बयान
छत्तीसगढ़ को नहीं बनने देंगे धर्मांतरण का अड्डा
रायपुर। सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ में हो रहे धर्मांतरण को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि “देशभर में कांग्रेस और उसके सहयोगी विपक्षी दल सुनियोजित तरीके से धर्मांतरण का उद्योग चला रहे हैं। छत्तीसगढ़ विशेष रूप से आदिवासी क्षेत्रों को निशाना बनाया जा रहा है।”
सांसद अग्रवाल ने सवाल उठाया कि “केरल की ननों का छत्तीसगढ़ में क्या काम?” उन्होंने आरोप लगाया कि बाहरी तत्वों द्वारा लालच, भय और प्रलोभन के माध्यम से आदिवासियों का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है।
उन्होंने इसे केवल सामाजिक अपराध नहीं, बल्कि देश की जनसंख्या संरचना और सांस्कृतिक पहचान पर सीधा हमला करार दिया। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष की यह साजिश अब बेनकाब हो चुकी है और भाजपा इसे किसी भी हाल में होन नहीं देगी।
अंत में उन्होंने दोटूक कहा कि “छत्तीसगढ़ को धर्मांतरण का अड्डा नहीं बनने देंगे। आदिवासियों की आस्था और पहचान की रक्षा के लिए हर मंच पर लड़ाई जारी रहेगी।”
भाजपा द्वारा यह बयान ऐसे समय में आया है जब राज्य में धर्मांतरण को लेकर एक बार फिर सियासी माहौल गर्म है।


