
26/11 हमले को 17 साल : शहीदों को नमन, देश याद कर रहा वो काला दिन


मुंबई। आज 26 नवंबर 2025 को देश के इतिहास में दर्ज सबसे दर्दनाक आतंकी हमला 26/11 मुंबई हमले को 17 साल पूरे हो गए। वर्ष 2008 में इसी दिन पाकिस्तान से आए लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकवादियों ने मुंबई को गोलियों और धमाकों से दहला दिया था।
आतंकियों ने ताज होटल, ओबेरॉय ट्राइडेंट, नरीमन हाउस, सीएसटी रेलवे स्टेशन, लियोपोल्ड कैफे सहित कई भीड़भाड़ वाले स्थानों को निशाना बनाया। इस हमले में 166 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी, जबकि सैकड़ों लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
लगभग 60 घंटे तक चला ऑपरेशन
सुरक्षा बलों ने बहादुरी दिखाते हुए करीब 60 घंटे चले अभियान में 9 आतंकियों को ढेर किया। एकमात्र पकड़े गए आतंकी अजमल कसाब को न्यायालय ने फांसी की सजा दी थी।
पूरे देश में श्रद्धांजलि
आज मुंबई और देशभर में शहीदों की याद में कार्यक्रम आयोजित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी जा रही है। यह काला दिन हमें हमेशा सतर्क रहने और आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने की सीख देता है।





