गरियाबंद में अश्लील कार्यक्रम पर बड़ी कार्रवाई, 14 आयोजक गिरफ्तार, 3 पुलिसकर्मी निलंबित
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में आयोजित एक अश्लील कार्यक्रम को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। आयोजन समिति से जुड़े कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ शांति भंग करने एवं सार्वजनिक स्थल पर अश्लीलता फैलाने से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में देवेंद्र राजपूत (31), गोविंद देवांगन (21), नरेंद्र साहू (38), हसन खान (53), हरदयाल नागेश (50), मुकेश अग्रवाल (40), लाल कृष्ण कश्यप (27), राजेश कश्यप (36), सचिन कश्यप (24), लीलाधर साहू (50), ललित कौशिक (38), विकास यादव (32), जम्बूधर (40) एवं उमेश यादव (25) शामिल हैं। सभी आरोपियों को देवभोग एसडीएम कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक मर्यादाओं का उल्लंघन किया गया, जिससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की गई है। लापरवाही के आरोप में अब तक तीन पुलिस कर्मियों को निलंबित किया जा चुका है।
इसके साथ ही मैनपुर एसडीएम तुलसी दास मरकाम के खिलाफ भी आज से जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों पर अश्लील गतिविधियों और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।


