केंद्रीय बजट 2026-27 व्यापारियों व MSME के लिए भरोसे और विकास का रोडमैप : CAIT छत्तीसगढ़

0
21

केंद्रीय बजट 2026-27 व्यापारियों व MSME के लिए भरोसे और विकास का रोडमैप : CAIT छत्तीसगढ़

रायपुर। देश के सबसे बड़े व्यापारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) छत्तीसगढ़ ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के Vision 2047 – विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में माननीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 का स्वागत किया है। CAIT छत्तीसगढ़ का मानना है कि यह बजट व्यापारियों, MSME उद्यमियों, उद्योग और टैक्सपेयर के लिए सरलता, स्थिरता, निवेश और दीर्घकालिक विकास का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है।

CAIT के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य श्री अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन श्री जितेंद्र दोशी, श्री विक्रम सिंहदेव, अध्यक्ष श्री परमानंद जैन, महामंत्री श्री सुरिन्दर सिंह, कोषाध्यक्ष श्री अजय अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष श्री राजेंद्र जग्गी सहित श्री राम मंधान, श्री वासु मखीजा, श्री भरत जैन, श्री राकेश ओचवानी एवं श्री शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से यह प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा कि बजट में प्रस्तावित ₹12.2 लाख करोड़ से अधिक का पूंजीगत व्यय सड़क, रेल, लॉजिस्टिक्स, रेलवे कॉरिडोर, बंदरगाह, कोस्टल कार्गो और औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर को नई गति देगा। बेहतर कनेक्टिविटी और मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क के विस्तार से माल ढुलाई की लागत घटेगी, डिलीवरी समय कम होगा और व्यापारियों को प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिलेगी। यह निवेश बाजार में मांग, रोजगार और उपभोग बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।

CAIT छत्तीसगढ़ ने बताया कि MSME सेक्टर को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए “ग्लोबल चैंपियन” दृष्टिकोण को मजबूती दी गई है। Plug & Play औद्योगिक मॉडल, टियर-2 और टियर-3 शहरों में नए औद्योगिक क्षेत्र तथा लगभग 200 नए औद्योगिक क्लस्टर विकसित करने के प्रावधान छोटे उद्योगों और व्यापारियों के लिए नए अवसर खोलेंगे। इससे स्थानीय उत्पादन बढ़ेगा, सप्लाई चेन मजबूत होगी और आयात पर निर्भरता घटेगी।

बजट में सेमीकंडक्टर, चिप मैन्युफैक्चरिंग, AI आधारित सर्विस सेक्टर और एडवांस टेक्नोलॉजी पर दिए गए विशेष फोकस को CAIT ने भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। इन क्षेत्रों में निवेश बढ़ने से इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल, ऑटो, टेक्सटाइल मशीनरी और डिजिटल सेवाओं से जुड़े व्यापारियों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। साथ ही रेयर अर्थ मिनरल्स और रणनीतिक कच्चे माल पर ध्यान आत्मनिर्भर भारत की दिशा में निर्णायक कदम है।

टेक्सटाइल सेक्टर, पर्यटन और मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा देने वाले प्रावधान सेवा क्षेत्र और रोजगार सृजन के लिए सकारात्मक संकेत हैं। मेडिकल टूरिज्म और जिला स्तर पर स्वास्थ्य इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास से विदेशी मुद्रा के साथ-साथ होटल, ट्रांसपोर्ट, रिटेल और स्थानीय व्यापार को भी व्यापक लाभ मिलेगा।

टैक्सेशन के मोर्चे पर CAIT छत्तीसगढ़ ने नए आयकर कानून Income Tax Act, 2025 को ऐतिहासिक सुधार बताया, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू होगा। रिटर्न फॉर्म का सरलीकरण, फॉर्म 15G/15H की आसान प्रक्रिया और संशोधित रिटर्न की समय-सीमा मार्च तक बढ़ाना व्यापारियों और टैक्सपेयर को बड़ी राहत देगा। इससे अनावश्यक नोटिस, विवाद और पेनल्टी की संभावना कम होगी तथा टैक्स सिस्टम में भरोसा बढ़ेगा।

TDS एवं TCS से जुड़ी राहतों—जैसे विदेशी टूर पैकेज पर TCS को 2 प्रतिशत करना तथा शिक्षा हेतु LRS के अंतर्गत TCS को 5 प्रतिशत से घटाकर 2 प्रतिशत करना—से व्यापारियों और आम जनता की वर्किंग कैपिटल मजबूत होगी। लोअर और निल सर्टिफिकेट की प्रक्रिया सरल होने से MSME और व्यापारियों की पूंजी अनावश्यक रूप से फँसने से बचेगी।

CAIT छत्तीसगढ़ ने स्पष्ट रूप से कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 व्यापारियों, MSME और उद्योगों के लिए भरोसे और स्थिरता का बजट है। यदि इन घोषणाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध रूप से लागू किया जाता है, तो देश के लगभग 8 करोड़ व्यापारी एवं उद्यमी वर्ग को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और भारत Vision 2047 के लक्ष्य की ओर तेज़ी से अग्रसर होगा।

https://hn24.in/wp-content/uploads/2025/12/IMG-20251218-WA0003.jpg

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here