छात्रा संसद में बेटियों ने निभाई सशक्त भूमिका, रानी अब्बक्का के शौर्य से प्रेरणा लेने का आह्वान : मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े
रायपुर। पुराना विधानसभा भवन, सड्डू में आयोजित “छात्रा संसद” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं छत्तीसगढ़ शासन की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी रजवाड़े ने छात्राओं के उत्साह और नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए उन्हें रानी अब्बक्का के शौर्य से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, छत्तीसगढ़ द्वारा रानी अब्बक्का की 500वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में प्रदेशभर से आई 227 छात्राओं ने भाग लेकर महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा की।
इस अवसर पर मंत्री श्रीमती रजवाड़े ने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। वे परिवार, समाज, उद्योग और देश के नेतृत्व में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और ऐसे मंच उनके आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता को और सशक्त बनाते हैं।
उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन एवं सुरक्षा जैसे विषयों पर सजग रहते हुए अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनें और समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में आगे बढ़ें।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सत्रों में विशेषज्ञों द्वारा छात्राओं को मार्गदर्शन प्रदान किया गया, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं स्वावलंबन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
“छात्रा संसद” जैसे आयोजन छात्राओं को नेतृत्व कौशल विकसित करने, विचार अभिव्यक्ति और सामाजिक सहभागिता का मंच प्रदान करते हैं, जिससे वे भविष्य में राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें।


