रायपुर का इन्फ्लुएंसर बाबू खेमानी सट्टा सिंडिकेट का मास्टरमाइंड, ‘3 STUMPS’ वेबसाइट से IPL में लगवा रहा था दांव

0
45

रायपुर का इन्फ्लुएंसर बाबू खेमानी सट्टा सिंडिकेट का मास्टरमाइंड, ‘3 STUMPS’ वेबसाइट से IPL में लगवा रहा था दांव

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक बड़े ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का खुलासा हुआ है, जिसमें स्थानीय इन्फ्लुएंसर बाबू खेमानी को मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि खेमानी ने कुख्यात महादेव सट्टा सिंडिकेट की तर्ज पर ‘3 STUMPS’ नाम से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तैयार किया, जिसके जरिए IPL मैचों में सट्टा खिलवाया जा रहा था।

इस मामले में 13 अप्रैल को गंज थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। इसके बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि वह विदेश में बैठकर पूरे सिंडिकेट को ऑपरेट कर रहा है।

देश के कई शहरों से चल रहा था नेटवर्क
जांच में खुलासा हुआ है कि इस सट्टा नेटवर्क का संचालन रायपुर के अलावा मुंबई, पुणे और गोवा जैसे शहरों से किया जा रहा था। इन शहरों में खेमानी के रिश्तेदार और करीबी ‘पैनल’ ऑपरेट कर रहे थे। पूरे सिंडिकेट में अलग-अलग लोगों की भूमिकाएं तय थीं, जो यूजर्स को जोड़ने से लेकर सट्टा संचालन तक जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

म्यूल खातों से हो रहा था लेन-देन
पुलिस के मुताबिक, सट्टा कारोबार को छुपाने के लिए म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था। इससे ट्रांजैक्शन को ट्रैक करना मुश्किल हो जाता था। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए दांव लगवाने और भुगतान की पूरी प्रक्रिया संचालित की जा रही थी।

सोशल मीडिया से जोड़ते थे नए यूजर्स
इस अवैध कारोबार को बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, खासकर इंस्टाग्राम का इस्तेमाल किया जा रहा था। युवाओं को आकर्षित कर उन्हें सट्टा खेलने के लिए प्रेरित किया जाता था, जिससे नेटवर्क तेजी से फैल रहा था।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
बाबू खेमानी के खिलाफ यह पहला मामला नहीं है। करीब तीन साल पहले भी रायपुर पुलिस ने उस पर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की थी और जुर्माना लगाया था।

20 से अधिक आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
हाल ही में रायपुर पुलिस ने इस सिंडिकेट से जुड़े 20 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो अलग-अलग स्थानों से पैनल चला रहे थे। फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं और फरार आरोपी की तलाश जारी है।
माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

https://hn24.in/wp-content/uploads/2025/12/IMG-20251218-WA0003.jpg

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here