मानव अधिकार न्याय सुरक्षा संगठन ने वृद्धा आश्रम में बुजुर्ग माताओं के साथ मनाया मदर्स डे
रायपुर। मदर्स डे के अवसर पर मानव अधिकार न्याय सुरक्षा संगठन द्वारा रायपुर के कोटा स्थित वृद्धा आश्रम में बुजुर्ग माताओं के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने वृद्धजनों के साथ समय बिताया, उनका सम्मान किया तथा उन्हें फल एवं भोजन खिला कर मदर्स डे की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में संगठन की प्रदेश अध्यक्ष पूनम पांडे ने कहा कि मां का स्थान जीवन में सबसे ऊंचा होता है। मां सिर्फ जन्म ही नहीं देती, बल्कि अपने त्याग, प्रेम और संस्कारों से पूरे परिवार को मजबूत बनाती है। उन्होंने कहा कि आज के समय में वृद्धजनों को सम्मान और अपनापन देना समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। वृद्धा आश्रम में रह रही माताओं के चेहरे पर मुस्कान लाना ही इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।
उन्होंने आगे कहा कि मानव अधिकार न्याय सुरक्षा संगठन हमेशा समाज सेवा और मानवता के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा तथा जरूरतमंद और बुजुर्ग लोगों के साथ हर सुख-दुख में खड़ा रहेगा।
इस अवसर पर संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बुजुर्गों ने भी अपने अनुभव साझा किए और संगठन के इस प्रयास की सराहना की।



