Breaking : राजधानी रायपुर में बड़ी चोरी: शंकर नगर के ज्वेलरी शॉप से करोड़ों के जेवर पार
रायपुर। राजधानी रायपुर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र के शंकर नगर स्थित लक्ष्य ज्वैलर्स का है, जहां शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान में धावा बोलकर करोड़ों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि रविवार सुबह जब ज्वेलरी शॉप के संचालक दुकान खोलने पहुंचे, तब अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। वहीं फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो चोरी से जुड़े अहम साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चोर पूरी योजना के साथ दुकान में घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। फिलहाल चोरी गए जेवरों की सही कीमत का आंकलन किया जा रहा है, लेकिन नुकसान करोड़ों रुपए में बताया जा रहा है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।



