राष्ट्रीय मछुवारा सामाजिक प्रगति चिंतन सम्मेलन एवं शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, समाज की एकता और शिक्षा पर दिया गया विशेष जोर
रायपुर।राष्ट्रीय मछुवारा सामाजिक प्रगति चिंतन सम्मेलन एवं छत्तीसगढ़ के 90 विधानसभा अध्यक्ष व कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह रायपुर के बलबीर जुनेजा इंदौर स्टेडियम बूढ़ा तालाब में भव्य आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के विकास, शिक्षा, संगठन की मजबूती और युवा सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। सम्मेलन में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं, महिलाओं एवं पदाधिकारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री भारत सरकार श्री राजभूषण चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय नेता साध्वी निरंजन ज्योति, कैबिनेट मंत्री श्री रामविचार नेताम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय, भाजपा नेता व वरिष्ठ समाजसेवक बसंत अग्रवाल ,अध्यक्ष श्रीमती गायत्री गायग्वाल ने की। इस अवसर पर समाज की वरिष्ठ प्रतिनिधि छबि धीवर की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता एवं वरिष्ठ समाजसेवी श्री बसंत अग्रवाल ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक ताकत उसकी एकता, शिक्षा और संगठन में निहित होती है। उन्होंने कहा कि मछुवारा समाज मेहनतकश और संघर्षशील समाज है, जिसने हमेशा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने, सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने तथा समाज के विकास के लिए संगठित होकर कार्य करने का आह्वान किया। श्री अग्रवाल ने कहा कि समाज का प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक होगा, तो समाज को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।
अपने संबोधन में अतिथियों ने शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और आत्मनिर्भरता को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। वक्ताओं ने समाज की एकजुटता को उसकी सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण भी संपन्न हुआ। सभी पदाधिकारियों को समाजहित में निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के अंत में समाज के सर्वांगीण विकास, सामाजिक समरसता, शिक्षा के प्रसार और संगठन की मजबूती का सामूहिक संकल्प लिया गया।
समाज की उन्नति ही हमारा संकल्प है, संगठन की मजबूती ही हमारी शक्ति है और सेवा ही हमारा धर्म है, के संदेश के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।



