मानवाधिकार न्याय सुरक्षा संगठन में नई नियुक्तियां, श्याम निराला बने जिला अध्यक्ष, शुभी कौर को प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी
रायपुर/सारंगढ़-बिलाईगढ़। मानवाधिकार न्याय सुरक्षा संगठन ने संगठन के विस्तार और मानवाधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से नई नियुक्तियों की घोषणा की है। संगठन ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के लिए श्याम निराला को जिला अध्यक्ष तथा रायपुर की शुभी कौर को प्रदेश सचिव नियुक्त किया है।

संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि दोनों नियुक्तियां उनके समाजसेवा, मानवाधिकारों के प्रति समर्पण, जनहित के मुद्दों पर सक्रियता और मानवता की भावना को ध्यान में रखते हुए की गई हैं। संगठन को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में मानवाधिकार संरक्षण और जनजागरूकता के कार्यों को नई दिशा मिलेगी।
मानवाधिकार न्याय सुरक्षा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष (पुरुष विंग) आशीष श्रीवास्तव ने श्याम निराला को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला अध्यक्ष नियुक्त करते हुए उन्हें संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और मानवाधिकारों के संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का दायित्व सौंपा।
वहीं संगठन की प्रदेश अध्यक्ष (महिला विंग) पूनम पाण्डेय ने रायपुर निवासी शुभी कौर को प्रदेश सचिव नियुक्त किया। उन्होंने कहा कि शुभी कौर समाज के विभिन्न वर्गों के बीच लगातार सक्रिय रहकर जनसेवा और मानवाधिकारों से जुड़े मुद्दों पर कार्य करती रही हैं, जिसके चलते उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन द्वारा दिए गए दायित्व का पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे तथा मानवाधिकारों की रक्षा और सामाजिक न्याय के लिए निरंतर कार्यरत रहेंगे।




