जगरगुंडा में शहीद एएसआई रामू राम नाग के परिजनों से मिलीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, अंत्योदय राशन कार्ड जारी करने के दिए निर्देश
सुकमा। बस्तर संभाग के प्रवास के दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सुकमा जिले के जगरगुंडा पहुंचकर शहीद एएसआई स्वर्गीय रामू राम नाग के निवास पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इस दौरान मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने शहीद की माताजी से आत्मीय भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना और परिवार की आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्रता के अनुसार शहीद के परिवार को अंत्योदय राशन कार्ड शीघ्र जारी किया जाए, ताकि उन्हें शासन की योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि आज नक्सलवाद से मुक्त हो रहे बस्तर की नई तस्वीर के पीछे स्वर्गीय रामू राम नाग जैसे हजारों वीर जवानों का सर्वोच्च बलिदान निहित है। उन्होंने कहा कि इन वीर सपूतों का त्याग, साहस और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
उन्होंने शहीद रामू राम नाग सहित मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी अमर वीर जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।




