मुंजगहन में अवैध प्लॉटिंग की शिकायत, तहसीलदार से जांच और कार्रवाई की मांग

रायपुर। रायपुर जिले के ग्राम मुंजगहन में कथित अवैध प्लॉटिंग का मामला सामने आया है। इस संबंध में स्टेशन रोड निवासी सौरभ श्रीवास्तव ने तहसीलदार रायपुर को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ग्राम मुंजगहन स्थित खसरा नंबर 35/1, 36, 38/2 एवं 39/2 की करीब 2.30 एकड़ भूमि पर सक्षम प्राधिकारी की अनुमति और आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया का पालन किए बिना प्लॉटिंग कर भूखंडों की बिक्री की जा रही है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि यह प्लॉटिंग बिना टाउन एंड कंट्री प्लानिंग तथा राजस्व विभाग की अनुमति के की जा रही है, तो यह शासन के नियमों का उल्लंघन है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि इस तरह की अवैध प्लॉटिंग से भविष्य में खरीदारों के साथ धोखाधड़ी और कानूनी विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
शिकायतकर्ता ने तहसीलदार से संबंधित भूमि और आसपास के क्षेत्र की तत्काल जांच कर अवैध प्लॉटिंग पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि आम नागरिकों के हितों की रक्षा हो सके।






