मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन के संकल्प को साकार करने भाजपा सहयोग केंद्र में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सुनीं कार्यकर्ताओं की समस्याएं
समस्याओं के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंह देव जी के मार्गदर्शन एवं माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के सुशासन, संवेदनशील प्रशासन और कार्यकर्ता सम्मान के संकल्प के अनुरूप प्रदेश भाजपा कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित सहयोग केंद्र में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कार्यकर्ताओं से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विषयों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की अमूल्य शक्ति है। कार्यकर्ताओं की बात सुनना, उनकी समस्याओं का समाधान करना तथा जनहित के कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनोन्मुखी शासन व्यवस्था स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिसमें कार्यकर्ताओं की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने सहयोग केंद्र में पहुंचे कार्यकर्ताओं की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के माध्यम से ही शासन की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं, इसलिए उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान आवश्यक है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती रंजना दीपेंद्र साहू जी, सहयोग केंद्र प्रभारी श्री सच्चिदानंद उपासने जी, प्रदेश सह कार्यालय मंत्री श्री प्रितेश गांधी जी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






