ट्रेड लाइसेंस शुल्क पर CAIT की पहल को मिली गति, समाधान की दिशा में बढ़े ठोस कदम
उपमुख्यमंत्री अरुण साव के सकारात्मक सहयोग से विभागीय सचिव के साथ हुई विस्तृत चर्चा, व्यापार हितों के संरक्षण का मिला भरोसा – अमर पारवानी*
देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन श्री अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन श्री जितेन्द्र दोशी, श्री विक्रम सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष श्री परमानंद जैन, वाइस चेयरमेन श्री सुरिन्दर सिंह, श्री जीवत बजाज, महामंत्री श्री अवनीत सिंह, कोषाध्यक्ष श्री विजय पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष श्री राजेन्द्र जग्गी, श्री वासु माखीजा, श्री राम मंधान, श्री भरत जैन, श्री राकेश ओचवानी एवं श्री शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रदेश के लाखों व्यापारियों के हितों की रक्षा एवं व्यापार करने की सुगमता ( Ease of Doing Business) सुनिश्चित करने की दिशा में कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) छत्तीसगढ़ की पहल लगातार सकारात्मक परिणाम की ओर बढ़ रही है।
CAIT के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन श्री अमर पारवानी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने आज मंत्रालय में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव श्रीमती आर. संगीता (आईएएस) से विस्तृत बैठक कर छत्तीसगढ़ नगरपालिका व्यापार अनुज्ञापन (ट्रेड लाइसेंस) नियम, 2025 के अंतर्गत प्रस्तावित व्यापार अनुज्ञापन शुल्क वृद्धि से संबंधित विभिन्न व्यावहारिक एवं व्यापारी हितों के मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।
CAIT के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन श्री अमर पारवानी ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव को बताया कि प्रदेश के 12 लाख से अधिक व्यापारी राज्य की अर्थव्यवस्था, रोजगार सृजन एवं राजस्व वृद्धि का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में ट्रेड लाइसेंस शुल्क में अत्यधिक वृद्धि का सबसे अधिक प्रभाव छोटे एवं मध्यम व्यापारियों, पारंपारिक व्यवसायों तथा स्थानीय बाजारों पर पड़ेगा। इसलिए शुल्क निर्धारण व्यावहारिक, न्यायसंगत एवं व्यापार अनुकूल होना आवश्यक है।
प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न व्यापारिक वर्गों से प्राप्त सुझावों एवं व्यावहारिक कठिनाइयों को विस्तार से रखते हुए शुल्क संरचना की पुनर्समीक्षा का आग्रह किया। सचिव श्रीमती आर. संगीता ने प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को गंभीरता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण से सुना तथा विषय के प्रत्येक पहलू का विस्तृत अध्ययन कर व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई एवं युक्तिसंगत समाधान की दिशा में सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।
CAIT के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन श्री अमर पारवानी ने कहा कि यह बैठक माननीय उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव द्वारा दिए गए संवेदनशील एवं सकारात्मक सहयोग के परिणामस्वरूप विषय विभागीय स्तर तक पहुंचा है, जहां व्यापारियों की बातों को गंभीरता से सुना गया है। उन्हें विश्वास है कि शासन व्यापारी हितों एवं प्रदेश के आर्थिक विकास के मध्य संतुलन बनाते हुए एक व्यावहारिक एवं सर्वहितकारी निर्णय लेगा।
CAIT के प्रदेश अध्यक्ष श्री परमानंद जैन ने कहा कि (CAIT) सदैव संवाद के माध्यम से व्यापारियों की समस्याओं के समाधान में विश्वास रखता है। शासन के साथ सकारात्मक एवं रचनात्मक चर्चा से प्रदेश के लाखों व्यापारियों को निश्चित रूप से राहत मिलने की उम्मीद मजबूत हुई है।
बैठक में CAIT छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से श्री अमर पारवानी, श्री परमानंद जैन, श्री जय नानवानी, श्री कन्हैया गुप्ता एवं श्री नवीन शर्मा उपस्थित रहे।






