केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से भाजपा सोशल मीडिया छत्तीसगढ़ टीम की शिष्टाचार भेंट, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार की सराहना
नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सोशल मीडिया छत्तीसगढ़ टीम ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान टीम ने प्रदेश से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी साझा की।
भेंट के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन की गतिविधियों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने टीम के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अमित शाह ने कहा कि सोशल मीडिया वर्तमान समय में जनसंपर्क और संवाद का एक प्रभावी माध्यम बन चुका है। ऐसे में सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े संदेशों को सही और तथ्यात्मक तरीके से लोगों तक पहुंचाना बेहद महत्वपूर्ण है।
भाजपा सोशल मीडिया छत्तीसगढ़ टीम ने केंद्रीय गृहमंत्री का मार्गदर्शन प्राप्त करने पर आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी संगठन की विचारधारा एवं सरकार की जनहितकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।






