ऑपरेशन अंकुश: रायगढ़-कोरबा बॉर्डर पर जुए के 5 फड़ पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 33 जुआरी गिरफ्तार

0
17

ऑपरेशन अंकुश: रायगढ़-कोरबा बॉर्डर पर जुए के 5 फड़ पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 33 जुआरी गिरफ्तार

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत छाल पुलिस ने रायगढ़-कोरबा सीमा से लगे ग्राम धसकामुड़ा में बड़ी कार्रवाई करते हुए जुए के 5 फड़ पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से 33 जुआरियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से करीब 90 लाख रुपये मूल्य के 7 वाहन, 57,140 रुपये नकद, 5 गैस लाइट तथा खुडखुडिया जुआ खेलने की सामग्री जब्त की।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी घरघोड़ा, तमनार, डभरा और जैजैपुर क्षेत्र के निवासी हैं, जो धसकामुड़ा के मेला स्थल के बाहर बड़े पैमाने पर जुआ खेल रहे थे। मुखबिर की सूचना पर एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा।

छाल थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत अलग-अलग पांच प्रकरण दर्ज किए हैं। सभी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है।

इस कार्रवाई पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन अंकुश” के तहत जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here