हरिका राव नायडू को न्याय दिलाने कांग्रेस करेगी कैंडल मार्च, सभी जिलों में दो दिन के भीतर आयोजन के निर्देश

रायपुर । छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जगदलपुर की होनहार छात्रा हरिका राव नायडू की कथित नीट परीक्षा पेपर लीक से उपजे मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या की घटना को लेकर पूरे प्रदेश में कैंडल मार्च आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री (संगठन एवं प्रशासन) मलकीत सिंह गैंदू ने सभी जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों को पत्र जारी कर आवश्यक निर्देश दिए हैं।
जारी पत्र में कहा गया है कि हरिका राव नायडू की आत्महत्या केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि देश और प्रदेश की शिक्षा एवं परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना है। कांग्रेस ने इस मामले को अमानवीय बताते हुए दिवंगत छात्रा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में कैंडल मार्च आयोजित किए जाएंगे। पार्टी ने जिला और शहर कांग्रेस कमेटियों से कहा है कि वे स्थानीय प्रदेश पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवादल, विभिन्न प्रकोष्ठों, सामाजिक संगठनों, छात्र-युवाओं तथा आम नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें।
पत्र में यह भी निर्देश दिया गया है कि दो दिनों के भीतर कैंडल मार्च का आयोजन कर उसकी विस्तृत प्रतिवेदन प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजी जाए।
प्रदेश कांग्रेस ने कहा है कि छात्रा हरिका राव नायडू को न्याय दिलाने और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर यह कैंडल मार्च पूरे प्रदेश में आयोजित किया जाएगा।






