रुंगटा यूनिवर्सिटी की NAAC ‘A’ ग्रेड पर उठे सवाल, शिकायत में नियमों के उल्लंघन का आरोप

रुंगटा यूनिवर्सिटी को वर्ष 2025 में मिले NAAC ‘A’ ग्रेड को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। विश्वविद्यालय के खिलाफ राज्यपाल, उच्च शिक्षा विभाग और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) सहित संबंधित संस्थाओं को शिकायत भेजी गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि विश्वविद्यालय ने NAAC मूल्यांकन के लिए निर्धारित पात्रता मानकों का पालन किए बिना ‘A’ ग्रेड प्राप्त किया।

शिकायत में कहा गया है कि NAAC के दिशा-निर्देशों के अनुसार किसी विश्वविद्यालय को प्रत्यायन (Accreditation) के लिए आवेदन करने से पहले उसकी स्थापना को निर्धारित अवधि पूरी होनी चाहिए तथा उसके कम से कम दो बैच स्नातक होकर निकल चुके होने चाहिए।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि विश्वविद्यालय ने अपने प्रचार-प्रसार और विज्ञापनों में स्वयं को “NAAC ‘A’ ग्रेड प्राप्त” बताते हुए छात्रों और अभिभावकों को आकर्षित किया, जिससे प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित हुई। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों एवं संस्थान के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।






