पार्षद गोपेश साहू ने किया ‘हर घर जल अमृत मिशन’ का शुभारंभ, वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के समाधान की उम्मीद

0
6

वार्ड क्रमांक 09 में 45.25 लाख रुपये की लागत से विभिन्न स्थानों पर पाइपलाइन कार्य का भूमिपूजन

पार्षद गोपेश साहू ने किया ‘हर घर जल अमृत मिशन’ का शुभारंभ, वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के समाधान की उम्मीद

रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडित मोतीलाल नेहरू वार्ड क्रमांक-09 के कचना स्थित हाउसिंग बोर्ड पत्रकार कॉलोनी में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। क्षेत्रीय पार्षद एवं जोन क्रमांक-9 के अध्यक्ष गोपेश साहू ने कॉलोनीवासियों की उपस्थिति में लगभग 45.25 लाख रुपये की लागत से नई पेयजल पाइपलाइन बिछाने के कार्य का भूमिपूजन करते हुए ‘हर घर जल अमृत मिशन’ का शुभारंभ किया।

हाउसिंग बोर्ड की यह पुरानी कॉलोनी अब नगर निगम को हस्तांतरित हो चुकी है। वर्षों पुरानी और जर्जर पाइपलाइन के कारण कॉलोनी के कई घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा था। इससे रहवासियों को लंबे समय से पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा था।

नई योजना के तहत पूरी कॉलोनी में नई पेयजल पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसके माध्यम से प्रत्येक घर तक नियमित एवं पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। पुरानी एवं क्षतिग्रस्त पाइपलाइन व्यवस्था को भी हटाया जाएगा, जिससे जल वितरण व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाया जा सके।

इस अवसर पर पार्षद गोपेश साहू ने कहा कि नई पाइपलाइन व्यवस्था लागू होने के बाद अवैध जल कनेक्शन तथा पाइपलाइन में छेद कर पानी लेने जैसी गतिविधियों पर रोक लगेगी। उन्होंने कहा कि सरकारी जल पाइपलाइन से छेड़छाड़ अथवा उसे नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गोपेश साहू ने कहा कि ‘हर घर जल अमृत मिशन’ का उद्देश्य वार्ड के प्रत्येक परिवार तक पर्याप्त और नियमित पेयजल पहुंचाना है। जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है और विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान वार्ड के विभिन्न स्थानों पर भी पाइपलाइन कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक एवं कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।

पाइपलाइन कार्य के शुभारंभ से क्षेत्रवासियों में उत्साह और खुशी का माहौल है। रहवासियों ने उम्मीद जताई कि नई पाइपलाइन व्यवस्था पूरी होने के बाद वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होगा और हर घर तक नियमित एवं पर्याप्त पानी पहुंच सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here