रायपुर। राजधानी रायपुर में बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे में 4 साल के मासूम की नाले में गिरने से मौत हो गई। घटना राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के महात्मा गांधी नगर की है। बताया जा रहा है कि गली में पानी भरा होने के कारण खेलते समय बच्चा अचानक नाले में जा गिरा और पानी के तेज बहाव में करीब 500 मीटर दूर तक बह गया। नाले से बाहर निकालने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को काव्यांश साहू 4-5 बच्चों के साथ गली में खेल रहा था। बारिश के कारण गली में पानी भरा हुआ था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह अचानक नाले में गिर गया। बहाव के साथ बच्चा करीब 500 मीटर दूर चला गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे करीब तीन फीट गहरे नाले से बाहर निकाला गया।
गंभीर हालत में काव्यांश को मेडिशाइन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। घटना के समय उसकी बड़ी बहन वर्षा भी आसपास मौजूद थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वह पास के दुकानदार से मदद मांगने के बजाय अपनी मां को बुलाने चली गई। हालांकि, इस बात की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी कि हादसे के बाद मदद पहुंचने में कितनी देरी हुई।
इसी महीने था मासूम का जन्मदिन
काव्यांश का जन्मदिन इसी महीने था। उसके पिता खिलेश साहू मिस्त्री का काम करते हैं और फिलहाल काम के सिलसिले में लखनऊ गए हुए हैं। रायपुर में काव्यांश अपनी मां किरण साहू और बड़ी बहन वर्षा साहू के साथ रहता था। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
निगम पर लापरवाही के आरोप
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में खुले नाले और गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं। कई छोटी नालियां कचरे से भरी हुई हैं, जबकि खुले नालों और गड्ढों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नगर निगम ने बारिश से पहले खुले नालों और खतरनाक स्थानों को सुरक्षित करने के लिए समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए। मासूम की मौत ने शहर में जल निकासी व्यवस्था और खुले नालों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






