भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 ने रचा इतिहास, 1.8 लाख लोगों ने लिया हिस्सा

0
8
भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 ने रचा इतिहास, 1.8 लाख लोगों ने लिया हिस्सा

रायपुर। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित चार दिवसीय भारतीय व्यापार महोत्सव (BVM) 2026 कारोबार के लिहाज से बड़ी उपलब्धि के रूप में सामने आया है। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) और इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (ITPO) के संयुक्त आयोजन में 1.8 लाख से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। आयोजकों के मुताबिक खरीदार-विक्रेता बैठकों, बिजनेस नेटवर्किंग और साझेदारी वार्ताओं के जरिए ₹5 हजार करोड़ से अधिक के व्यापारिक अवसर तैयार हुए हैं।

महोत्सव में देशभर के व्यापारियों और कारोबारियों के साथ 23 देशों के 347 विदेशी प्रतिनिधि भी शामिल हुए। विदेशी प्रतिनिधियों ने भारतीय कारोबारियों के साथ सोर्सिंग, तकनीकी सहयोग, संयुक्त उपक्रम, कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग और दीर्घकालीन कारोबारी साझेदारी को लेकर चर्चा की। इससे भारतीय उत्पादों और कारोबार को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की संभावनाओं को बल मिला।

छत्तीसगढ़ के कारोबारियों की बड़ी मौजूदगी
महोत्सव में छत्तीसगढ़ की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। CAIT छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन के मुताबिक अमर पारवानी के नेतृत्व में प्रदेश से बड़ी संख्या में व्यापारी और बिजनेस डेलीगेट्स दिल्ली पहुंचे। प्रतिनिधियों ने देश के अलग-अलग हिस्सों से आए कारोबारियों, निर्माताओं, खरीदारों, निवेशकों और व्यापारिक संगठनों के साथ बैठकें कीं।

छत्तीसगढ़ के व्यापारियों के लिए आयोजन नए बाजार और कारोबारी संपर्क तलाशने का मंच बना। B2B बैठकों के अलावा डिजिटल तकनीक, ई-कॉमर्स, लॉजिस्टिक्स, विनिर्माण, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, पर्यटन और अन्य क्षेत्रों में कारोबार की बदलती संभावनाओं की जानकारी मिली। प्रदेश के कारोबारियों ने नए व्यापारिक मॉडल और तकनीकी समाधानों को भी करीब से समझा।

स्थानीय कारोबार को ग्लोबल बाजार से जोड़ने का मंच- अमर पारवानी
CAIT के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी ने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव ने छत्तीसगढ़ समेत देशभर के कारोबारियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से सीधे जुड़ने का अवसर दिया। नए ग्राहक, नए बाजार और संभावित साझेदार तलाशने के लिए B2B मीटिंग काफी उपयोगी रहीं।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के व्यापारियों की बड़ी भागीदारी यह बताती है कि प्रदेश का कारोबारी वर्ग अब सिर्फ स्थानीय बाजार तक सीमित नहीं रहना चाहता। व्यापारी राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

150 से ज्यादा स्टार्टअप ने पेश किए आइडिया
महोत्सव में ‘भारत इनोवेशन एंड स्टार्टअप एक्सचेंज’ (BISE) भी खास आकर्षण रहा। यहां 150 से अधिक स्टार्टअप पिच सत्र हुए। आठ पैनल चर्चाओं में 35 विशेषज्ञों ने भाग लिया। 50 से अधिक निवेशक भी मौजूद रहे, जिनकी औसत निवेश क्षमता करीब ₹500 करोड़ बताई गई।

आयोजन में व्यापार, तकनीक, निवेश, नवाचार और निर्यात जैसे विषयों पर 18 ज्ञानवर्धक सत्र हुए। इसके अलावा दो कंट्री डायलॉग और 36 आई-टॉक्स सत्र भी आयोजित किए गए। 150 से अधिक प्रवासी भारतीयों की भागीदारी ने भारतीय कारोबार को अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जोड़ने में भूमिका निभाई।

कृषि से लेकर ई-कॉमर्स तक उत्पादों का प्रदर्शन
महोत्सव में कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, FMCG, ऑर्गेनिक उत्पाद, वस्त्र, परिधान, हस्तशिल्प, चमड़ा एवं फुटवियर, फार्मास्यूटिकल्स, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, अक्षय ऊर्जा, निर्माण सामग्री, ऑटोमोबाइल कंपोनेंट्स, लॉजिस्टिक्स, डिजिटल समाधान, रिटेल, ई-कॉमर्स, पर्यटन, आतिथ्य और MSME सेक्टर से जुड़े उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन किया गया।

CAIT छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन ने कहा कि BVM-2026 की सफलता ने भारतीय व्यापार और उद्यमिता की ताकत को सामने रखा है। छत्तीसगढ़ की सक्रिय भागीदारी से प्रदेश के कारोबारियों को नए संपर्क, नए बाजार और व्यापार विस्तार के अवसर मिले हैं। उन्होंने कहा कि ‘लोकल से ग्लोबल’ की दिशा में यह भागीदारी प्रदेश के व्यापारिक भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत है।

महोत्सव की सफलता पर CAIT छत्तीसगढ़ के चेयरमैन जितेन्द्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, वाइस चेयरमैन सुरिन्दर सिंह, जीवत बजाज, प्रदेश महामंत्री अवनीत सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष विजय पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र जग्गी, वासु माखीजा, राम मंधान, भरत जैन, राकेश ओचवानी और शंकर बजाज ने भी इसे प्रदेश के व्यापारिक समुदाय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here